रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साधवानी ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के मूल्यांकन में सफलता हासिल की है। स्वास्थ्य केंद्र ने तय राष्ट्रीय मानकों को पूरा करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर किए जा रहे प्रयासों को मजबूती मिली है।
एनक्यूएएस के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को मिलने वाली सेवाओं, मरीजों के अधिकार, उपलब्ध संसाधन, क्लीनिकल और सहायक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और सेवाओं के परिणाम जैसे कई पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है। पीएचसी साधवानी ने इन मानकों के अनुरूप अपनी व्यवस्थाओं और सेवाओं में सुधार कर मूल्यांकन में सफलता पाई।
जिले में स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने, रिकॉर्ड और दस्तावेज व्यवस्थित रखने, संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन और मरीज-केंद्रित सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में एनक्यूएएस मूल्यांकन की तैयारियों के दौरान फील्ड मॉनिटरिंग, गैप एनालिसिस, दस्तावेजीकरण और सुधारात्मक गतिविधियों पर लगातार काम किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन और जिला स्तरीय टीम की मॉनिटरिंग से भी तैयारियों को गति मिली।
पीएचसी साधवानी के चिकित्सा अधिकारी, आरएमए, एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने टीम के रूप में काम करते हुए इस उपलब्धि में योगदान दिया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एनक्यूएएस में मिली सफलता से जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाएं बेहतर करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।