खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 20 से 22 नवंबर तक विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया।
20 नवंबर को हुई कार्रवाई
तहसील कोमाखान के ग्राम गांजर में 600 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। यह धान राजेश साहू के घर में रखा गया था। मामले में मनोज चंद्राकर और चूरामन के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं महासमुंद तहसील के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल यानी 132 कट्टा धान जब्त किया गया।
इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी और बरोण्डा बाजार का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां धान के स्टैक तिरपाल से ढके मिले। अधिकारियों ने समिति प्रबंधक को पर्याप्त तिरपाल रखने, उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
21 नवंबर को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई
तहसील सरायपाली के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। बसना तहसील के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा अवैध धान मिला। वहीं खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर वाहन सहित मामले को मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया।
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा धान जब्त किया गया। एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।
तहसील पिथौरा के ग्राम बाम्हनी में कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम की जांच के दौरान रबी फसल का 300 पैकेट धान भंडारित मिला। इस पर भी जब्ती की कार्रवाई की गई।
22 नवंबर को भी जारी रही कार्रवाई
तहसील कोमाखान के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से रबी फसल का 150 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान बरामद हुआ। ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में रबी फसल का 350 बोरा धान भंडारित मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह तहसील सरायपाली के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा धान जब्त किया गया। प्रशासन की इन कार्रवाइयों के जरिए अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अवैध धान पर प्रशासन की लगातार नजर
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध भंडारण या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करें।