रायपुर : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी टीम ने जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा का दौरा कर वहां संचालित वैज्ञानिक और शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान केंद्र में बच्चों के लिए चल रही नवाचार आधारित गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की प्रभावी पहल बताया।

वैज्ञानिकों ने स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विभिन्न वर्किंग मॉडल्स और ‘करके सीखें’ जैसी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षा बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

इसरो की टीम ने विज्ञान केंद्र के प्रमुख उपेंद्र गौतम और उनकी टीम के प्रयासों की भी प्रशंसा की। साथ ही नियमित शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम और खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो के वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरे से विद्यार्थियों, शिक्षकों और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं में नया उत्साह देखने को मिला।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *