रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बना दिया है। दंतेवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत बड़े बचेली में ऑनलाइन विवाह पंजीयन सुविधा से कई दंपतियों को राहत मिली है। अब ग्रामीणों को विवाह प्रमाण पत्र के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल रहा है।

ग्राम पंचायत स्तर पर चलाए गए जागरूकता अभियान के तहत लोगों को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई। पंचायत सचिव प्रियंका दीवान और सरपंच गोविंद कुंजाम के मार्गदर्शन में पात्र दंपतियों ने ऑनलाइन आवेदन किया। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें निर्धारित समय में विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।

ग्रामीण जोगाराम और अमवती नाग ने बताया कि विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी, लेकिन अब सेवा सेतु पोर्टल के जरिए यह प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है। वहीं सुषमा तामो और संतोष ने भी बताया कि ऑनलाइन आवेदन से समय और पैसे दोनों की बचत हुई है तथा अब उन्हें बार-बार कार्यालय नहीं जाना पड़ता।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से डिजिटल सेवाओं पर ग्रामीणों का भरोसा बढ़ा है। बड़े बचेली में विवाह पंजीयन की यह पहल डिजिटल सुशासन का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे लोगों तक सरकारी सेवाएं तेज़ी और पारदर्शिता के साथ पहुंच रही हैं।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *