धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत उत्साह के साथ हुई है। पहले ही दिन जिले के 102 उपार्जन केंद्रों में 688 किसानों से कुल 2,629 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। खरीदी शुरू होते ही केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ गई और अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों में उत्साह देखने को मिला।

राज्य सरकार के किसान हितैषी फैसले से भी किसानों को राहत मिली है। अब निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इसके तहत यदि किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के हिसाब से सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

खरीदी के दूसरे दिन यानी 16 नवंबर के लिए किसानों की भागीदारी में और बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दिन जिले के 1,015 किसानों ने टोकन कटवाए हैं, जिनके माध्यम से कुल 3,670.78 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन टोकन लेने वाले किसानों की संख्या में करीब 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इस खरीफ सीजन में धमतरी जिले के कुल 1 लाख 31 हजार 491 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनके पास कुल 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर पंजीकृत भूमि है, जिसमें 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर में धान का रकबा दर्ज है। बड़ी संख्या में पंजीकृत किसानों को देखते हुए प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, तौल व्यवस्था, पेयजल, छाया और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही अधिकारी खरीदी प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि धान का उपार्जन पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से हो सके। किसानों से निर्धारित टोकन और तिथि के अनुसार ही केंद्र पहुंचकर अपनी उपज बेचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *