मुंगेली : जिले के ग्राम बैतलपुर में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का भवन ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के लिए बड़ी सुविधा बनकर सामने आया है। पहले गांव में आंगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र जाना पड़ता था। अब गांव में ही केंद्र शुरू होने से हितग्राहियों को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

मनरेगा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से बना भवन

गांव में आंगनबाड़ी भवन की आवश्यकता को देखते हुए ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से गांव में ही भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया था। महिला एवं बाल विकास विभाग की मांग के आधार पर शासन ने आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद जिला पंचायत द्वारा मनरेगा के तहत 13 नवंबर 2024 को भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई।

निर्माण कार्य 10 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ और निर्धारित समय-सीमा में 7 अप्रैल 2025 को पूरा कर लिया गया। भवन निर्माण में कुल 11.69 लाख रुपये खर्च हुए, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 3.69 लाख रुपये और मनरेगा मद से 8 लाख रुपये का प्रावधान किया गया।

44 से अधिक हितग्राहियों को मिल रही सेवाएं

नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन से वर्तमान में एक गर्भवती महिला, एक नवजात शिशु, 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 17 बच्चों सहित कुल 25 बच्चे नियमित रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। केंद्र के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गांव में ही केंद्र उपलब्ध होने से महिलाओं और बच्चों को अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

पोषण सेवाओं से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार

आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से नियमित पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से ग्रामीण परिवारों को भी लाभ हो रहा है। एक गर्भवती महिला ने बताया कि केंद्र से नियमित पौष्टिक आहार मिलने से उनकी एनीमिया की समस्या में सुधार हुआ और उनका प्रसव सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।

इसी तरह नियमित पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से 12 कम वजन वाले बच्चों के पोषण स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है। इससे गांव में कुपोषण की स्थिति को कम करने में मदद मिल रही है।

नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन ग्रामीण क्षेत्र में महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए मजबूत आधार के रूप में कार्य कर रहा है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *