रायपुर : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताने के लिए ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4’ अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंबिकापुर के सर्किट हाउस से सरगुजा की महिलाओं और स्काउट-गाइड द्वारा एकत्रित रक्षा सूत्र सैनिकों के लिए रवाना किए।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह लगातार चौथा वर्ष है, जब छत्तीसगढ़ की बहनों की ओर से देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए रक्षा सूत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब देशभर में लोग अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाते हैं, उस समय सैनिक भाई अपने परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में डटे रहते हैं। ऐसे में बहनों की ओर से भेजा गया रक्षा सूत्र उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान का संदेश है।
उन्होंने कहा कि रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि देश के जवानों और नागरिकों के बीच भावनात्मक रिश्ते का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की माताएं और बहनें अपने हाथों से तैयार किए गए रक्षा सूत्रों के माध्यम से सैनिकों को यह संदेश दे रही हैं कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। मंत्री ने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
चौथे साल में पहुंचा ‘सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान
अभियान के संयोजक एवं पूर्व सैनिक महासभा के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि ‘सिपाही रक्षा सूत्र’ अभियान की शुरुआत बिलासपुर से हुई थी। वर्ष 2023 में करीब 6 लाख 71 हजार, वर्ष 2024 में करीब 9 लाख और वर्ष 2025 में करीब 12 लाख 21 हजार रक्षा सूत्र सैनिकों तक भेजे गए। इस तरह तीन वर्षों में करीब 27 लाख 92 हजार रक्षा सूत्र भेजे जा चुके हैं।
वर्ष 2026 में अभियान का चौथा चरण ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4’ के नाम से चलाया जा रहा है। इस वर्ष लगभग 21 लाख रक्षा सूत्र एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के जरिए थल सेना, जल सेना और वायु सेना के जवानों तक छत्तीसगढ़ की बहनों का स्नेह और आशीर्वाद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अंबिकापुर से रांची तक पहुंचेगा बहनों का स्नेह
अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम के बाद रक्षा सूत्रों से भरी वाहन रैली जशपुर होते हुए रांची के लिए रवाना हुई। इसके बाद विभिन्न माध्यमों से रक्षा सूत्र देश के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात सैनिकों तक पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, पूर्व सांसद कमल भान सिंह, किसन सिंह, भारत सिंह सिसौदिया, विनोद हर्ष, अरुणा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक महासभा के पदाधिकारी, स्काउट-गाइड की सदस्याएं और अधिकारी मौजूद रहे।