छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और कस्टम मिलिंग में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में धमतरी जिले के ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दो इकाइयों से संयुक्त जांच टीम ने 34 हजार 303 क्विंटल खाद्यान्न जब्त किया है। इसमें 32 हजार 878 क्विंटल धान और 1 हजार 425 क्विंटल चावल शामिल हैं। कलेक्टर के निर्देश पर 16 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ए.के. राइस इंडस्ट्रीज और उसकी यूनिट-2 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दोनों मिलों में भंडारित धान और चावल की जांच के साथ संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया। जांच के समय फर्म के संचालक अकील अहमद खान मौके पर मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने मिल के मुंशी सोहेल रजा से धान और चावल की स्टॉक पंजी मांगी, लेकिन वे इसे प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने दोनों इकाइयों में खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया। जांच में करीब 80 हजार कट्टों में 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल भंडारित मिला। स्टॉक पंजी नहीं मिलने पर पूरी मात्रा जब्त कर मुंशी की सुपुर्दगी में सौंप दी गई। कस्टम मिलिंग नियमों के तहत हुई कार्रवाई प्रशासन के अनुसार, दोनों राइस मिलें खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने का काम कर रही हैं। इसके बावजूद भंडारित खाद्यान्न से संबंधित स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं की गई। इसे गंभीरता से लेते हुए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। प्रशासन का कहना है कि खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, अवैध भंडारण रोकने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *