बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। पांचों शैक्षणिक संभागों के खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की और विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा भी की। इस घोषणा से जिले में शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षण और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गजेंद्र यादव ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश न होकर अपनी कमियों को पहचानने और उन्हें दूर करने की सीख दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए कुराश खेल की प्रतियोगिता भी बलौदाबाजार में आयोजित की गई।

रग्बी के 14 वर्ष बालक और बालिका वर्ग में रायपुर संभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बस्तर दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा। नेटबॉल के 19 वर्ष बालक और बालिका वर्ग में भी रायपुर संभाग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा।

कुराश के 14 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और दुर्ग ने तीसरा स्थान हासिल किया। 17 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा, जबकि बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। 19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय तथा बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा, एसपी आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *