सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में सवार यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सुविधा मिल गई है।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि नई सेवा के पहले दिन भी यात्रियों में उत्साह देखने को मिला। रायगढ़, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी यात्री ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे। उन्होंने इस सुविधा के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
बिलासपुर मंडल के डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन की है। इसका लाभ अम्बिकापुर के साथ ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने यात्रियों से इस अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों को लेकर डीआरएम ने बताया कि स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों के विस्तार के साथ बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में सुधार का काम चल रहा है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को लाभ होगा। कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। नई रेल सेवा से सरगुजा संभाग के दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधे जुड़ाव को मजबूती मिलने की उम्मीद है।