पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बाइक राइडर्स का किया अभिनंदन, सेवा और सामाजिक सरोकार का दिया संदेश
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा और सामाजिक समर्पण का संदेश लेकर गुजरात से निकली बाइक रैली के उदयपुर पहुंचने पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राइडर टीम का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बाइक रैली केवल यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है।
मंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा जब समाजसेवा और जनकल्याण के संकल्प से जुड़ती है तो सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति का मूल संस्कार है और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना जरूरी है।
बाइक राइडर्स के साथ रामगढ़ पहुंचे मंत्री
रैली के स्वागत के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल बाइक राइडर टीम के सदस्यों के साथ रामगढ़ स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने राइडर्स के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
मंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। सेवा का संदेश लेकर निकले युवाओं का रामगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ना इस यात्रा को और सार्थक बनाता है।
रामगढ़ की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने पर जोर
राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ क्षेत्र ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारी धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ इनके महत्व को युवाओं तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज में सेवा और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। सेवा किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर जीवन का स्थायी संस्कार बने, यही अभियान का उद्देश्य है।