पेण्ड्रा : रिमझिम बारिश के बीच मंगलवार को पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री  तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर 18 से 21 अगस्त तक चलने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों के आकर्षक मार्चपास्ट और स्कूली छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया।

पांचों संभागों के 540 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 540 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार दिवसीय आयोजन में जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

जिम्नास्टिक में बालक एवं बालिका, कबड्डी में बालिका, क्रिकेट में बालक तथा ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खिलाड़ियों को दिलाई खेल भावना की शपथ

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने, अनुशासन, निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित होती है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को इस तरह खेलें कि वह पढ़ाई बन जाए और पढ़ाई को इस तरह पढ़ें कि वह खेल बन जाए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रंग-बिरंगी पोशाकों में हुआ आकर्षक मार्चपास्ट

उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों का मार्चपास्ट रहा। अलग-अलग रंगों की आकर्षक पोशाकों में सजे खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों के जोश और उमंग से पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

वहीं स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर

प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाएं अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जा रही हैं। जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं जिम्नास्टिक हॉल, गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट फिजिकल कॉलेज मैदान, गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो जनपद सभागार पेण्ड्रा और कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में होंगी।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

फिजिकल कॉलेज मैदान में बनेगा भव्य मंच

कार्यक्रम के दौरान फिजिकल कॉलेज मैदान पेण्ड्रा में भविष्य के खेल एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बड़े और सुसज्जित मंच के निर्माण की घोषणा की गई। सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने 10 लाख रुपये तथा विधायक अटल श्रीवास्तव ने 5 लाख रुपये, यानी कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी खेल कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का भी परिचय देंगे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *