रायपुर : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बस्तर के वीर जवानों के साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के शौर्य ने बस्तर का नया इतिहास लिखा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलताओं का श्रेय जवानों के साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प को जाता है। कठिन परिस्थितियों और IED जैसे खतरों के बीच डटे जवानों की कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है कि राज्य गठन के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को गैलेंट्री अवार्ड मिल चुके हैं।

93 नए स्थानों पर फहराया तिरंगा

विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद बस्तर के कई ऐसे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराया जा रहा है, जहां पहले ऐसा संभव नहीं था। इस वर्ष 93 नए स्थानों पर तिरंगा फहराकर सुरक्षा बलों ने लोकतंत्र और लोगों के भरोसे को मजबूत किया है।

210 नक्सलियों के आत्मसमर्पण का जिक्र

उप मुख्यमंत्री ने अगस्त 2025 में हुए बड़े आत्मसमर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि 210 नक्सलियों ने 163 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। उन्होंने इसे पुनर्वास और शांति की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि बस्तर में संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्रभावी स्थापना सुरक्षा बलों के पराक्रम और स्थानीय लोगों के विश्वास का परिणाम है।

सुरक्षा कैंप बनेंगे सेवा के केंद्र

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर के जल, जंगल और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने पर काम कर रही है। टेकुलगुड़म जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा कैंपों को ‘शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इन केंद्रों में स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और कौशल विकास केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और लोकतंत्र की दिशा में लगातार सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *