रायपुर : राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी दिया।

समारोह में 17 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। परेड में BSF, CRPF, ITBP, CISF, SSB समेत छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड शामिल रहे। बिहार पुलिस की टुकड़ी भी आमंत्रित वर्ग में परेड का हिस्सा बनी।

ITBP ने मारी बाजी

केंद्रीय बलों की श्रेणी में ITBP की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपए और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। BSF दूसरे और CRPF तीसरे स्थान पर रहा। दोनों दलों को क्रमशः 3 हजार और 2 हजार रुपए की नकद राशि के साथ ट्रॉफी दी गई।

महिला CAF बनी विजेता

राज्य बलों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की महिला टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ जेल पुलिस और तीसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल की पुरुष टुकड़ी रही। विजेता दलों को नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

NCC गर्ल्स ने भी जीता पहला स्थान

कंटीजेंट NCC वर्ग में NCC गर्ल्स की टीम पहले और NCC बॉयज की टीम दूसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया।

समारोह में परेड से जुड़े अधिकारियों और प्रस्तुति देने वाले दलों के कमांडरों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला बैगपाइपर बैंड, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड की प्रस्तुतियों ने भी समारोह में खास आकर्षण जोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *