रायपुर : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में नक्सल प्रभावित परिवारों, पुनर्वासित युवाओं और माओवादी हिंसा से प्रभावित लोगों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, शहीद परिवारों को सहायता और पुनर्वासित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शहीद परिवारों को 100 प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए शहीद परिवारों की समस्याओं के त्वरित समाधान और एसआईबी डैशबोर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
109 शहीद स्मारक बनेंगे, QR कोड से मिलेगी जानकारी
राज्य निर्माण के बाद माओवादी हिंसा में शहीद हुए जवानों और दिवंगत नागरिकों की स्मृति में 109 शहीद स्मारकों का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने इनके लिए मानक डिजाइन तैयार कर निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। स्मारकों में QR कोड लगाया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर संबंधित शहीद, घटना और उनके योगदान की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान
नक्सल हिंसा में प्रभावित ऐसे परिवारों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें अब तक शासन की राहत और सहायता का लाभ नहीं मिल पाया है। पात्र लोगों से आवेदन लेकर उनके प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। गंभीर मामलों को छोड़कर पुनर्वासित युवाओं से जुड़े अन्य प्रकरणों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए।
पुनर्वासित युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण और आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ लौट रहे स्थानीय लोगों को पुनर्वास केंद्रों से जोड़ने तथा अन्य राज्यों के निवासियों को उनकी इच्छा के अनुसार गृह राज्य भेजने के लिए संबंधित राज्यों से समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पुनर्वास केंद्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की नियमित निगरानी के लिए कलेक्टरों को औचक निरीक्षण करने को कहा। साथ ही इलवद पंचायत योजना के तहत चयनित 50 गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता से शुरू कराने के निर्देश दिए।