रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई को आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए सीएसआर मद से 5 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को नवीन विद्यालय भवन का भूमिपूजन किया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। स्मार्ट क्लास और आधुनिक लैब की मिलेगी सुविधा नए विद्यालय भवन में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर कक्ष सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय के उन्नयन से महलोई के साथ आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी लाभ होगा। विद्यार्थियों को लक्ष्य तय करने की दी प्रेरणा कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और नियमित मेहनत जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर भविष्य की दिशा तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास विकसित करना भी इसका उद्देश्य है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, एनटीपीसी के अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *