रायपुर : कांकेर में आज देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ढाई किलोमीटर लंबी पैदल रैली में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत भी यात्रा में शामिल हुईं।

शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन से हुई। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया और देशभक्ति के नारे लगाए। विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए नगरवासियों ने चॉकलेट और टॉफियां भी बांटीं।

92 फीट तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों द्वारा 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा प्रदर्शित किया गया, जो शहरवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं की बैंड टोली ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। केंद्र और राज्य शासन के निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी चलाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के जरिए नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और वंदे मातरम् के गायन के लिए प्रेरित किया गया।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *