रायपुर : उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर खेल मैदान का शुभारंभ किया। इस सुविधा से शहर के खिलाड़ियों और युवाओं को खेल अभ्यास के लिए आधुनिक प्लेटफॉर्म मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए वीर क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनकी शहादत और सपनों को संजोकर रखने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
7 करोड़ की लागत से बना मिनी स्टेडियम
लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से तैयार मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं 2.40 करोड़ रुपए की लागत से बने बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित अन्य खेलों के अभ्यास की सुविधा है। परिसर में आउटडोर जिम भी बनाया गया है।
साव ने कहा कि यह मिनी स्टेडियम कांकेर की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर सुविधाएं देने की है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
लोकार्पण के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने मिनी स्टेडियम परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।