रायगढ़ में जनजातीय लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सातों विकासखंडों से पहुंचे कलाकारों ने कर्मा नृत्य और विभिन्न लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान अतिथियों ने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. बाल किशोर भगत ने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, भाषा, बोली और पारंपरिक कलाओं से है। आधुनिकता और शिक्षा के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का काम करते हैं।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कर्मा नृत्य प्रतियोगिता में सातों विकासखंडों के दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में लैलूंगा विकासखंड के मोहनीपुरी चंवरपुर कर्मा लोक नृत्य दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। घरघोड़ा के आमापाली (बहिरकेला) दल ने दूसरा, धरमजयगढ़ के सिथरा भंडारीपारा कर्मा दल ने तीसरा और तमनार के मौहापाली स्थित जय मां कर्मा सेनी कर्मा नृत्य मंडली ने चौथा स्थान प्राप्त किया। विजेता दलों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में घरघोड़ा विकासखंड के आदि शक्ति कर्मा पार्टी कोटरीमाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लैलूंगा के खेडआमा दल को दूसरा, धरमजयगढ़ के भुण्डीबहरी दल को तीसरा, खरसिया के छिरपानी गेढ़ी नृत्य कर्मा दल को चौथा और रायगढ़ विकासखंड के डोंगीतराई दल को पांचवां स्थान मिला। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों ने जनजातीय लोक कलाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का संकल्प लिया। आयोजन में जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, जनपद पंचायत रायगढ़ के उपाध्यक्ष रामश्याम डनसेना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।