एमसीबी जिले के मुकुंदपुर से बलसोत्ता को जोड़ने वाले कोड़िया नाला पर 5.22 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण किया जाएगा। बुधवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर इसकी शुरुआत की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनने वाला यह पुल क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा।
प्रस्तावित पुल की लंबाई 120 मीटर होगी और इसके निर्माण पर 522.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में कोड़िया नाला पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने से मुकुंदपुर और बलसोत्ता के बीच आवागमन बाधित हो जाता था। कई बार लोगों को लंबा रास्ता तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था।
पुल निर्माण से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब हर मौसम में गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही ग्रामीणों को जिला मुख्यालय, बाजार, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।
इस पुल का लाभ मुकुंदपुर, बलसोत्ता सहित आसपास के दर्जनों गांवों को मिलेगा। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी। इसके अलावा क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा एवं प्रिया मसराम, मुकुंदपुर सरपंच विजय सिंह और जनपद सदस्य सीतावंती सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुल निर्माण की शुरुआत पर खुशी जताते हुए कहा कि इसके बनने से बरसात के दौरान आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।