रायगढ़ : रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक पर राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर आयोजित कलार समाज के सामाजिक सम्मेलन में शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और युवाओं के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई।
बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों का समाजजनों ने स्वागत किया। सम्मेलन में कलार समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ बच्चों की शिक्षा, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं व बेटियों को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार रखे गए।
गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना को समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के प्रमुख चौक पर प्रतिमा स्थापित होना पूरे समाज के लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि कलचुरी वंश का छत्तीसगढ़ के विकास और यहां की संस्कृति को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा अपने गौरवशाली इतिहास को समझ सकें।
बच्चों की प्रतिभा को अवसर मिले, तभी समाज आगे बढ़ेगा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की असली प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की सफलता से तय होती है। बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि करियर को केवल नौकरी तक सीमित न रखें। कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया समेत अलग-अलग क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
वित्त मंत्री ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर भी जोर देते हुए कहा कि उन्हें इतना सक्षम बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के हर क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।
95 प्रतिशत से अधिक अंक वालों को 25 हजार रुपये
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने प्रतिमा अनावरण को समाज के लिए गौरव का अवसर बताया। कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल ने सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और कलार समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।