मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपए से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि भी दी जाएगी। इसके लिए निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में करीब 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना और जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। उन्होंने कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण सहित ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने की घोषणा भी की।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक गांव और परिवार तक विकास का लाभ पहुंचेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *