रायपुर : विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 1947 की विभाजन त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और विस्थापित परिवारों के संघर्ष को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों लोगों के लिए घर, परिवार और अपनी जन्मभूमि से बिछड़ने की पीड़ा थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद विस्थापित परिवारों ने नए सिरे से जीवन खड़ा किया और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि इतिहास की इस त्रासदी से सीख लेकर हमें देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखना चाहिए। आने वाली पीढ़ियों को भी विभाजन के इस अध्याय से परिचित कराना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज का एकजुट और मजबूत रहना जरूरी है। इस दिशा में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

समारोह के मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने संचालनालय पुरातत्व से अंबेडकर चौक तक आयोजित मौन जुलूस में शामिल होकर विभाजन पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *