रायपुर : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि 15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। यह अवसर उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद करने का है, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक ज्ञात-अज्ञात सेनानियों का योगदान देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में हमारे सैनिकों और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाया है। राष्ट्र उनके त्याग के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार का उपयोग देश की प्रगति के लिए करें। सामूहिक प्रयासों से भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जा सकता है।