रायपुर : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के स्वाभिमान, राष्ट्रीय अस्मिता और एकता का प्रतीक है। इसे देखकर देशवासियों में गर्व और राष्ट्रप्रेम की भावना जागती है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब देशभर में जनभागीदारी का रूप ले चुका है।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर

श्री साय ने कहा कि घर-घर फहराता तिरंगा हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को भी याद किया और शहीद वीर नारायण सिंह सहित प्रदेश के सभी वीर सपूतों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का भी माध्यम है। बच्चों और युवाओं में इससे राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और इस संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा फहराने और एकजुट होकर सशक्त, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *