छत्तीसगढ़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके अनुसार प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि सूची ऑनलाइन वोटर पोर्टल और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है। प्रारूप सूची में 94 लाख 86 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में कुल 26 हजार 854 मतदान केंद्र हैं। इनमें 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। मतदाता ईसीआईनेट ऐप, वोटर पोर्टल या अपने मतदान केंद्र के बीएलओ के माध्यम से सूची में नाम चेक कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर कॉल करके भी जानकारी ली जा सकती है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरा जा सकता है। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य विवरण में संशोधन, पता स्थानांतरण तथा नया ईपीआईसी कार्ड बनवाने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A निर्धारित है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। इस पुनरीक्षण के तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही 2027 की आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *