रायपुर : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिल्दा में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने तिरंगे की महिमा और देश के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए नागरिकों से 15 अगस्त पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील की।

वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। इसके रंग और अशोक चक्र हमें शांति, समृद्धि और निरंतर आगे बढ़ते रहने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।

तिरंगे की गरिमा बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी

राजस्व मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में पूरे सम्मान और स्वाभिमान के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि समारोह समाप्त होने के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। तिरंगा सड़क, गली या किसी अनुचित स्थान पर न गिरे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

वर्मा ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए एकजुट होकर योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष पलक सुखमणि, पूर्व अध्यक्ष महेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा और विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। देशभक्ति के नारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *