कवर्धा : रक्षाबंधन के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भारत माता चौक में ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कवर्धा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों ने अपने हाथों से तैयार राखियां देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए समर्पित कीं। इन राखियों के साथ कवर्धा की बहनों की शुभकामनाएं और जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश भी सीमा तक पहुंचेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सेना के जवानों द्वारा भारत माता की आरती के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं और बालिकाओं ने सैनिकों को राखियां बांधकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। ‘जय जवान’ के नारों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। जिलेभर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों द्वारा तैयार राखियों को एकत्र कर भारतीय सेना तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि सैनिकों के प्रति विश्वास, सम्मान, आशीर्वाद और कृतज्ञता का प्रतीक है। देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के लिए समाज की ओर से भेजा गया यह रक्षा सूत्र उनके मनोबल को मजबूत करेगा।

‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ के माध्यम से विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों से भी सैनिकों के लिए रक्षा सूत्र और शुभकामना संदेश भेजने की अपील की गई। कवर्धा से भेजी जा रही राखियां सीमा पर तैनात जवानों तक यह संदेश पहुंचाएंगी कि वे सरहद पर डटे हैं और पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, माताएं-बहनें, सेना के जवान, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाएं, सखी सेंटर के स्टाफ सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *