कवर्धा : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचकर छात्रावासी बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक छात्र से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परिणाम की चिंता में प्रयासों में कमी नहीं आनी चाहिए। असफलता मिलने पर भी निराश होने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि लक्ष्य के लिए किया गया हर प्रयास जीवन में किसी न किसी रूप में काम आता है।

छात्रों की सुविधा के लिए उप मुख्यमंत्री ने छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम शुरू करने की घोषणा की। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुसार कंटेंट उपलब्ध कराने और ऑनलाइन क्लास से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। छात्रों की मांग पर लाइब्रेरी में इंटरनेट युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

छात्रों ने बताया कि वे NEET, JEE, लॉ, SSC, व्यापम और PSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें, स्टडी मटेरियल और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं देते हुए पेन उपहार में दिए और बारिश को देखते हुए छाते उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान एक छात्र ने आंखों से जुड़ी समस्या की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रायपुर के अच्छे अस्पताल में उसका उपचार कराने के लिए आवश्यक समन्वय के निर्देश सहायक आयुक्त को दिए। उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और छात्रों की आवश्यकताओं के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पार्षद बिहारी धुर्वे, मनीराम साहू, चंदन पटेल, ईश्वरी धुर्वे, मनीराम छेदावी, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *