रायगढ़ : पुसौर विकासखंड के ग्राम देवलसुर्रा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने आंगनबाड़ी भवन और सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। देवलसुर्रा की करीब 180 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है और अब तक लगभग 48 लाख रुपये की राशि उनके खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

मंत्री चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में वर्षों से उपेक्षित सिंचाई संरचनाओं के जीर्णोद्धार का काम भी कराया जा रहा है। देवलसुर्रा पंचायत के लिए एनटीपीसी के सहयोग से एक करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें गांव में 20 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य भी शामिल हैं।

देवलसुर्रा में ह्यूम पाइप कल्वर्ट, बोर एवं सिंचाई पंप, आरसीसी नाली, शेड, उचित मूल्य दुकान और प्राथमिक शाला में किचन शेड सहित कई अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित एवं स्वीकृत किए गए हैं। वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए ग्रामीणों से भी कार्यों की निगरानी में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पुसौर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। युवाओं के लिए नालंदा परिसर, बड़ा अस्पताल और सरकारी नर्सिंग कॉलेज की स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी पांच वर्षों में रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले 20-25 वर्षों से अधिक विकास कार्य कराने का है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *