कवर्धा शहर में प्रवेश करते ही अब शहर का नया स्वरूप नजर आएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 54 करोड़ रुपये की लागत से 7.8 किलोमीटर सड़क को 4 लेन में विकसित किया जाएगा। रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने नए मंडी परिसर में इस परियोजना का भूमिपूजन किया।

चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर कवर्धा शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरने वाली यह सड़क जोराताल के आगे तक विकसित होगी। सड़क के बीच डिवाइडर भी बनाया जाएगा। प्रवेश द्वारों के डिजाइन में कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को जगह दी जाएगी, जिससे शहर में आने वाले लोगों को प्रवेश के साथ ही इसकी अलग पहचान देखने को मिलेगी।

कवर्धा और आसपास के क्षेत्रों को कई विकास कार्यों की सौगात

भूमिपूजन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपये, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपये, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपये और पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपये के कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा अलग-अलग सड़कों के निर्माण और मरम्मत से जुड़े कार्यों की भी घोषणा की गई।

सड़क, शिक्षा और पर्यटन पर जोर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर के विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से जुड़े काम शामिल हैं। 54 करोड़ रुपये की 4 लेन सड़क परियोजना के तहत रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर करीब 3-3 किलोमीटर हिस्से का विकास भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कवर्धा में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर बनाया जा रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा होगी। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए घोटिया रोड का निर्माण 10 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। वहीं भोरमदेव परिसर, तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य चल रहे हैं।

लोक निर्माण विभाग में ढाई साल में 12,666 करोड़ की स्वीकृति

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग के लिए 12,666 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है और कई परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले दोनों प्रवेश द्वार शहर की पहचान को नया रूप देंगे। उनके मुताबिक 4 लेन सड़क से शहर में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *