आठ स्कूलों की छात्राओं ने जल संरक्षण, डिजिटल इंडिया, स्वच्छता और नारी सशक्तिकरण को रंगों में उकेरा रायपुर, लोरमी के मानस मंच में गुरुवार को रंगों के जरिए विकसित भारत और सेवा का संदेश देखने को मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विकासखंड स्तरीय ‘सेवा का रंग’ रंगोली कार्यक्रम में आठ स्कूलों की छात्राओं ने अलग-अलग विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पहुंचकर छात्राओं और कलाकारों की रचनात्मकता देखी और उनकी सराहना की।

पौने दो क्विंटल सामग्री से बनी खास रंगोली

कार्यक्रम में कोटा के रंगोली कलाकार रवि पैकरा ने करीब पौने दो क्विंटल सामग्री का इस्तेमाल कर ‘विकसित लोरमी, विकसित भारत’ की थीम पर भव्य रंगोली तैयार की। रंगों और आकृतियों के जरिए विकसित भारत के संकल्प को दर्शाने वाली इस रंगोली ने कार्यक्रम में खास आकर्षण पैदा किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी रंगोलियों के पीछे की सोच और संदेश को जाना। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने अपनी कलाकृतियों में जल संरक्षण, विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे विषयों को जगह दी है।

रंगोली में दिखे सेवा के अलग-अलग रंग

आठ विद्यालयों की छात्राओं ने अलग-अलग थीम पर रंगोलियां बनाईं। कहीं जल संरक्षण का संदेश नजर आया तो कहीं स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया की तस्वीर दिखाई दी। नारी सशक्तिकरण जैसे विषयों को भी छात्राओं ने रंगों और डिजाइनों के जरिए लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की। अरुण साव ने कहा कि रंगोली जैसे पारंपरिक माध्यम के जरिए सेवा भाव और विकसित भारत की कल्पना को रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं के उत्साह और रचनात्मकता की प्रशंसा की।

जन-जन तक पहुंचे विकसित भारत का संदेश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विकसित भारत की सोच को जन-जन से जोड़ना है। लोगों को यह समझने की जरूरत है कि विकसित भारत का मतलब क्या है और इसके निर्माण में उनकी अपनी भूमिका क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव और जनकल्याण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *