रायपुर : कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तीनों की सफलता पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नेउर गांव पहुंचकर उनके घर पर मुलाकात की और छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री ने छात्राओं के माता-पिता भगवती महोबिया और राम महोबिया सहित पूरे परिवार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। सीमित संसाधनों के बीच घर पर रहकर मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी यह उपलब्धि बड़ी प्रेरणा है।
घर पर ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की सफलता
तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान तीनों ने एक-दूसरे का सहयोग किया और लगातार मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल किया। ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की।
ज्योति और सुमन ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की है। वहीं किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पढ़ाई की है।
डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की दी सीख
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीनों छात्राओं से उनकी पढ़ाई, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करें और आगे बढ़ते हुए अपने क्षेत्र व समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी बनाए रखें। अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं परिजन मौजूद रहे।