वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित, शिक्षकों की कार्यशाला में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर जोर रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी देखी और बच्चों से उनकी रुचि, प्रतिभा और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ की अपनी कल्पना को चित्रों और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए मंत्री ने उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

विजेता विद्यार्थियों का सम्मान

प्राथमिक स्तर की चित्रकला में संजना प्रजापती प्रथम, रोशनी चौहान द्वितीय और परिधी चौहान तृतीय रहीं। भाषण में फातिमा महंत ने पहला, कुमकुम श्रीवास ने दूसरा और पूजा चौहान ने तीसरा स्थान हासिल किया। माध्यमिक स्तर की चित्रकला में प्राची मेहर प्रथम, मिथिला पटेल द्वितीय और भूमिका निषाद तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में मीनाक्षी साहू प्रथम, शिबिका कुमारी द्वितीय और महिमा गुप्ता तृतीय रहीं। हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला में गरिमा पटेल प्रथम, नियति प्रधान द्वितीय और योगेश संजय तृतीय रहे। भाषण में तुषार चौहान प्रथम, प्रिन्सी पटेल द्वितीय और रूची चौधरी तृतीय रहीं। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाएं विद्यार्थी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। सही मार्गदर्शन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से वे अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने रायगढ़ में नर्सिंग कॉलेज, संगीत महाविद्यालय और नालंदा परिसर जैसी शैक्षणिक सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर शिक्षकों की कार्यशाला

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने वाले शिक्षकों की एक दिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की गई। शिक्षकों को नवोदय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष, सैनिक स्कूल, प्रयास, राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य परीक्षा और श्रेष्ठा जैसी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञ शिक्षकों ने अध्ययन की रणनीति और विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित शिक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *