धमतरी में गांधी जयंती और अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत करीब 500 बुजुर्गों का सम्मान किया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने वरिष्ठ महिला-पुरुषों से मुलाकात कर उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहीमूलक गतिविधियों के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिए गए। दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर व अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पोषण किट भी बांटी

राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट प्रदान की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मंत्री ने स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।

वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी को दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल किसी विशेष दिवस या कार्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा के व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मंत्री ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए इसे मानवता की बड़ी सेवा बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, सेवा तथा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *