रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सह-आयोजन में 23 नवंबर को महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। ‘मानव तस्करी तथा महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण’ विषय पर होने वाली इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसमें विभिन्न विभागों और संस्थाओं के करीब 500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। वहीं, कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में होगा। कार्यशाला में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पुलिस की भूमिका, जांच प्रक्रिया और पीड़ित महिलाओं को संरक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञों के माध्यम से कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यशाला के पहले तकनीकी सत्र में छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी की चुनौतियों और उससे निपटने के उपायों पर मंथन होगा। इसकी अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम करेंगे। दूसरे सत्र में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी, जिसकी अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव करेंगी। तीसरे सत्र में शैक्षणिक और मनोसामाजिक दृष्टिकोण से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इस आयोजन में न्यायिक अधिकारी, पुलिस विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग, उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधि, विधि के विद्यार्थी और स्वैच्छिक संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों को समय पर सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *