रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आपसी आत्मीयता और विश्वास का भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में समाज की सक्रिय भागीदारी रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन के 50 वर्षों के सफर की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना के माध्यम से समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण काम किया है।
मुख्यमंत्री साय ने भिलाई स्टील प्लांट सहित प्रदेश के औद्योगिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में तेलुगु समाज के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी कहा कि मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना हर समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे सम्मेलन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत विकसित हो रहा यह मार्ग दोनों राज्यों के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे यात्रा का समय और दूरी कम होने के साथ व्यापार, माल परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। सम्मेलन में आंध्र प्रदेश से आए रिंग डांस समूह और श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर तेलुगु समाज की समृद्ध परंपराओं की झलक पेश की।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।