रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र के ग्राम चरौदा स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल प्रदेश की गौरवशाली विरासत और लोक आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक स्थलों से हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
ग्राम चरौदा स्थित मुक्तेश्वर शिव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मंदिर का पुनर्निर्माण ग्रामीणों की आस्था और सामूहिक श्रमदान से किया गया है। यहां पौष पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने के दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।