रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और सकारात्मक संवाद के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक के दौरान पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके निराकरण के लिए सकारात्मक प्रयास कर रही है। बैठक में मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से संबंधित मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने दोहराया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आपसी चर्चा और समझदारी से किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्णय के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने और समस्याओं के समाधान का भरोसा देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *