रायपुर, छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में 40 पुरुष बंदियों को कंप्यूटर शिक्षा और 30 महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र दिए गए। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि बंदियों को शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कंप्यूटर शिक्षा से बंदियों में डिजिटल साक्षरता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, वहीं ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण महिला बंदियों को भविष्य में स्वरोजगार शुरू करने में मददगार साबित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और हुनर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करते हैं। कौशल विकास से बंदी रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से बेहतर भविष्य बना सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत बंदियों को शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जेलों को केवल सजा का स्थान न बनाकर सुधार और पुनर्वास का केंद्र बनाना है, ताकि बंदी रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सकें। कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अतुल सिंह और एनएसडीसी के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल उपस्थित रहे।