सारंगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता 4 से 7 अक्टूबर तक खेलभांठा मैदान में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के पांचों संभागों बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से 330 बाल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल, सॉफ्टबॉल और क्रिकेट के मुकाबले शुरू हुए।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में दो बड़ी सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने जिले में सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट (DIET) कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से जुड़े प्रस्ताव प्रक्रिया में होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों की अधोसंरचना को बेहतर बनाने और आवश्यक जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी मंत्री एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों का सामना करना पड़ता है। हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और जीत मिलने पर अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास करने वाले खिलाड़ी ही कठिन परिस्थितियों को पार कर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि जीतने के लिए सबसे पहले मैदान में उतरना जरूरी है। खेल शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की ताकत है और खेल अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को एक साथ जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।

कलेक्टर ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और सुरक्षा की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में पिछले तीन वर्षों के दौरान बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर रहे हैं और तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग शुरू की जा रही है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए एआई आधारित कक्षाओं, रोबोटिक्स लैब और अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना भी की जा रही है।

उद्घाटन समारोह में सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *