प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी रूप में विकसित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। कार्यक्रम में उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से तेलीबांधा चौक तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित से जुड़ी यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ देश आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है और इसी दिशा में ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के तहत विकास की रूपरेखा तैयार की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ को विकास से जुड़े विषयों पर लगातार सहयोग मिल रहा है। हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को पहले ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना था। सिंगापुर में निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के क्षेत्र में विभिन्न संस्थाओं और निवेशकों के साथ चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति बढ़ते विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को भी मिल रहा है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पर प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं और नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *