रायगढ़, शहरवासियों और रेलवे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए अब एक नया वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल से अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक सड़क बनाई जा रही है। नया मार्ग तैयार होने के बाद स्टेशन की दूरी करीब 500 मीटर कम हो जाएगी और व्यस्त समय में यात्रियों को करीब 10 मिनट तक समय की बचत होने की उम्मीद है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को सड़क का काम तय मापदंडों के अनुसार गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सुभाष चौक और रामनिवास टॉकीज क्षेत्र को मिलेगी राहत

फिलहाल शहर के कई हिस्सों से रेलवे स्टेशन जाने वाला ट्रैफिक अग्रसेन चौक के बाद रामनिवास टॉकीज, सुभाष चौक और स्टेशन चौक की ओर जाता है। व्यस्त समय में इन इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बनती है। नई सड़क बनने के बाद स्टेशन जाने वाले यातायात का एक बड़ा हिस्सा इस वैकल्पिक रास्ते से जा सकेगा। इससे सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही शहर की ओवरऑल ट्रैफिक व्यवस्था को भी राहत मिलेगी।

ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के मुताबिक नए मार्ग से रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की दूरी मौजूदा रास्ते की तुलना में करीब 500 मीटर कम होगी। खासकर सुबह-शाम के व्यस्त समय में करीब 10 मिनट तक की बचत हो सकती है। इससे ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग विकसित करना जरूरी है। उन्होंने निर्माण से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और सड़क निर्माण के दौरान आम लोगों की आवाजाही में कम से कम परेशानी हो, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *