रायपुर : ग्रामीण इलाकों में चल रही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति को लेकर रायपुर में समीक्षा बैठक हुई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने कलेक्ट्रेट के रेडक्रॉस सभा कक्ष में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण समेत कई योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े भी मौजूद रहे।
बैठक में मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण, ग्राम पंचायतों में नए कामों की स्वीकृति और लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सिक्योर पोर्टल से कार्यों की स्वीकृति, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, पौधरोपण और अधूरे मनरेगा कार्यों को पूरा करने की प्रगति भी देखी गई।
समय पर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
सचिव भीम सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को तय समयसीमा में जमीन पर उतारा जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों की स्थानीय जरूरतों के अनुसार श्रममूलक काम स्वीकृत करने और ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने मनरेगा के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
PM Awas में अटके मामलों का जल्द समाधान
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजनाओं और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने लंबित पहली किस्त के मामलों को जल्द निपटाने और अधूरे आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में आवास सॉफ्ट से अपात्र किए गए हितग्राहियों, जॉब कार्ड, अलग-अलग योजनाओं के अभिसरण और A, B तथा C कैटेगरी के मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
रोजगार और ट्रेनिंग पर भी फोकस
सचिव ने RSETI और RMT के जरिए हितग्राहियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़े लंबित मामलों को जल्द पूरा करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने फील्ड मॉनिटरिंग मजबूत करने को कहा
रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की सिर्फ कागजी समीक्षा के बजाय मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने मानव दिवस सृजन, आवास निर्माण और अधूरे कार्यों को पूरा करने में तेजी लाने के साथ जिला और जनपद स्तर पर लगातार समीक्षा करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ काम की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में रायपुर संभाग के सभी जिलों के जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायतों के सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।