18 स्कूलों में बनेंगे 36 अतिरिक्त कक्ष, 17 आंगनबाड़ी और 17 राशन दुकान भवनों का होगा निर्माण13 मुक्तिधामों में शेड-प्रतीक्षालय और दो पंचायत भवनों को भी मिली मंजूरी
रायपुर, छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार के लिए 6 करोड़ 60 लाख 38 हजार रुपये की अनुमानित लागत के 67 निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की पहल पर स्वीकृत इन कार्यों में स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, राशन दुकान भवन, मुक्तिधामों में शेड एवं प्रतीक्षालय और पंचायत भवनों का निर्माण शामिल है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पोषण, खाद्यान्न वितरण और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।
18 स्कूलों में बनेंगे 36 अतिरिक्त कक्ष
ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 1 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से 18 शासकीय विद्यालयों में 36 अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में दो कक्षों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें कोनारी, ताराशिव, टोहड़ा, भूमिया, तुलसी (मानपुर), सिलपट्टी, कोटा, देवरी, निनवा, बिलाड़ी, बुंदेली, सिरवे, छतौद, ओटगन, खम्हरिया, सतभांवा, सांकरा और चांपा के विद्यालय शामिल हैं। अतिरिक्त कक्ष बनने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
17 आंगनबाड़ी और 17 राशन दुकान भवनों का निर्माण
बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाएं बढ़ाने के लिए 2 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से 17 नए आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे। वहीं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए 2 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये की लागत से 17 राशन दुकान भवनों का निर्माण होगा। इन भवनों से आंगनबाड़ी सेवाओं के संचालन और ग्रामीणों को राशन वितरण की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
13 मुक्तिधामों में शेड और प्रतीक्षालय
ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत 77 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 13 मुक्तिधामों में शेड और प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे। इससे अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को गर्मी और बरसात के दौरान सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छतौद और ताराशिव में 39 लाख 90 हजार रुपये की लागत से दो नए पंचायत भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों में ग्रामसभा, पंचायत बैठकों और शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यों के संचालन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
इन 67 निर्माण कार्यों के पूरा होने से बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा। साथ ही शिक्षा, पोषण, खाद्यान्न वितरण और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।