बिहान और आईआईएम रायपुर की पहल, 250 महिला उद्यमियों को मिलेगा प्रशिक्षण
रायपुर, छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं को सफल उद्यमी बनाने के लिए राज्य सरकार और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रायपुर ने ‘अथ उद्यम’ कार्यक्रम शुरू किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ तथा आईआईएम रायपुर का फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट संयुक्त रूप से इस पहल को संचालित कर रहे हैं। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाना और उन्हें बाजार से जोड़ना है।
इस कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 11 सितंबर 2026 को की थी। योजना के प्रति महिलाओं में उत्साह है और अब तक राज्यभर से एक हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इच्छुक महिला उद्यमी 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
64 घंटे का प्रशिक्षण और एक साल तक मार्गदर्शन
कार्यक्रम के तहत चयनित 250 महिला उद्यमियों को 64 घंटे का व्यवसाय विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ एक वर्ष तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, व्यक्तिगत परामर्श और व्यावसायिक सहयोग मिलेगा। महिलाओं को लागत और मुनाफे का हिसाब रखने, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, वित्तीय प्रबंधन और बिक्री बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे। उन्हें बाजार और वित्तीय संस्थानों से जुड़ने में भी सहायता मिलेगी।
इन व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा लाभ
खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई, वस्त्र निर्माण, हस्तशिल्प, हथकरघा, वनोपज आधारित उत्पाद और अन्य गैर-कृषि व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाएं इस पहल का लाभ ले सकती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्थानीय बाजार से आगे बढ़कर नए ग्राहकों तक पहुंचने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने में मदद देना है। केवल सामान की खरीद-बिक्री करने वाले व्यवसाय इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
252 सामुदायिक प्रतिनिधियों को दिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आईआईएम रायपुर ने 252 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) सदस्यों को प्रशिक्षित किया है। इसके अलावा जिला और विकासखंड स्तर के परियोजना प्रबंधकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि पात्र महिलाओं को आवेदन और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी मिल सके।
यहां करें आवेदन
इच्छुक महिला उद्यमी 31 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट atha.iimraipur.edu.in पर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन में सहायता के लिए स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन, सीएलएफ, क्षेत्रीय सीआरपी दीदी या विकासखंड स्तरीय बिहान कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।