कोरबा : दर्री जोन के लोगों के लिए विकास से जुड़ी बड़ी सौगात सामने आई है। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन के अलग-अलग वार्डों में तैयार किए गए 7 नवनिर्मित सामुदायिक भवनों का एक ही दिन लोकार्पण किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रमों के दौरान सभी भवन जनता को समर्पित किए गए।

इन सामुदायिक भवनों के निर्माण पर कुल 90 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। नए भवनों से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इन वार्डों को मिली सामुदायिक भवनों की सौगात

नगर निगम के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 55 के सलिहाभांठा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया गया है। इसी वार्ड के नागिनभांठा बस्ती में उप स्वास्थ्य केंद्र के पास पटेल समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से भवन तैयार किया गया है।

वार्ड क्रमांक 54 के जमनीपाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 10 लाख रुपये और गोपालपुर में माता चौरा के पास 10 लाख रुपये की लागत से अहातायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण हुआ है।

वहीं वार्ड क्रमांक 58 के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर साडा में शिव मंदिर के पास 15 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 59 के दर्रीखार क्रमांक-1 में कन्या शाला के पास 25 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 60 के प्रगतिनगर लेबर कॉलोनी दर्री में उड़िया समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया गया है।

‘जनता को सुविधाएं देना पहली प्राथमिकता’

लोकार्पण कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आम लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी विकास संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में पिछले ढाई वर्षों में कोरबा निगम क्षेत्र के लिए करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें कई काम पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ निर्माणाधीन हैं और कुछ निविदा प्रक्रिया में हैं।

सभी 67 वार्डों में विकास का दावा

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम कोरबा के सभी 67 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क, भवन और दूसरी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कामों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में योजना के तहत 26 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है।

नए सामुदायिक भवनों के लोकार्पण से स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आया। समाज के लोगों ने भवनों की सौगात के लिए मंत्री और महापौर का आभार जताया।

कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य अजय कुमार चंद्रा, सरोज शांडिल्य, फिरतराम साहू, पार्षद, एल्डरमेन और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *