लखना, बेमता और बलौदीखुर्द का दौरा कर नुकसान का लिया जायजा, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

रायपुर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा रविवार को लखना, बेमता और बलौदीखुर्द पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।

दौरे के दौरान मंत्री ने गांवों में बाढ़ के पानी से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर फसल, मकान और अन्य नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नुकसान का आकलन तेजी से पूरा कर पात्र लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, पीने के पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने फसल, मकान और पशु हानि का सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि राहत और मुआवजा संबंधी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

बाढ़ के बाद संक्रमण और बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जरूरत वाले इलाकों में कीटनाशक का छिड़काव कराने को कहा गया, ताकि जलभराव के बाद पैदा होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नियंत्रित किया जा सके।

राजस्व मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और राजस्व एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों तक राहत और जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *