घोटिया और नारायणपाल में देखी बाढ़ की स्थिति, जगदलपुर राहत शिविर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
रायपुर, बस्तर में बाढ़ की स्थिति के बीच वन मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को घोटिया और नारायणपाल के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रखने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता मिलनी चाहिए। राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और प्रशासन प्रभावित परिवारों की जरूरतों पर लगातार नजर रखे।
इसके बाद वन मंत्री जगदलपुर के टाउन हॉल में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिविर में रह रहे लोगों से नाश्ता, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रह रहे परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो। भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था लगातार सुचारु रखी जाए। प्रभावित परिवारों की जरूरत सामने आने पर उन्हें तत्काल आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान जगदलपुर के महापौर संजय पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।