रायपुर : राजधानी के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने पहुंच रहे हैं और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा तक की तस्वीरों और ऐतिहासिक सामग्री का अवलोकन कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवगाथा तथा राज्य की विकास और सुशासन यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। दुर्लभ छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के जरिए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी में एआई तकनीक से विरासत और पर्यटन का अभिनव अनुभव भी विशेष आकर्षण बना हुआ है। आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन से जुड़े क्विज में भाग लेकर अपने ज्ञान को भी परख रहे हैं।

‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष खंड में राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक भूमिका और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रजागरण में इसके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। विद्यार्थियों ने इस खंड में विशेष रुचि दिखाई और इसे देश के स्वतंत्रता संघर्ष तथा राष्ट्रभावना को समझने का उपयोगी माध्यम बताया।

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता की गौरवगाथा के साथ छत्तीसगढ़ की वर्तमान विकास यात्रा की झलक भी देखने को मिल रही है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियों को छायाचित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

इसके साथ ही राज्य में अधोसंरचना, निवेश, रोजगार, सुशासन और हरित विकास से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी परिसर में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को समझने के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और विकास के बारे में भी जानकारी मिल रही है।

कचहरी चौक स्थित टाउन हॉल में यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। इतिहास, विरासत, पर्यटन, एआई तकनीक और विकास की झलक एक साथ प्रस्तुत करने वाली यह प्रदर्शनी लोगों को लगातार आकर्षित कर रही है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *